Advertisment
खेल

KKR vs GT: कोलकाता ने गुजरात को 29 रन से हराया, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

NTN REPORT// इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-60 में शनिवार (16 मई) को गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में रोमांचक मुकाबला खेला गया। हाई स्कोरिंग मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटन्स को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।

फाइल फोटो

गुजरात टाइटन्स के पास यह मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में जगह पक्की करने का मौका था, लेकिन कोलकाता के बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन ने उसका सपना फिलहाल टाल दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने बनाए 247 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे 14 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बोल्ड किया।

इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। इस दौरान फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। एलन को आर साई किशोर ने आउट किया।

एलन के आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और कैमरून ग्रीन ने गुजरात के गेंदबाजों पर लगातार हमला जारी रखा। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए नाबाद 108 रन की साझेदारी हुई।

अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी पारी में 4 छक्के और 3 चौके शामिल रहे।

इन पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

गुजरात की तूफानी शुरुआत, लेकिन जीत से रह गई दूर

248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत काफी तेज रही। साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गील पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े।

हालांकि साई सुदर्शन 23 रन के निजी स्कोर पर चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए निशांत सिंधु सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट सुनील नरेन ने लिया।

इसके बाद जोस बटलर और शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को मुकाबले में वापस ला दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 128 रन की साझेदारी हुई।

शुभमन गिल ने 49 गेंदों पर 85 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए। हालांकि बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह सुनील नरेन की गेंद पर बाउंड्री लाइन के पास कैच आउट हो गए।

गिल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी 35 गेंदों पर 57 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। बटलर का विकेट सौरभ दुबे ने लिया। राहुल तेवतिया सिर्फ 2 रन बना सके।

गुजरात टाइटन्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रन से हार गई।

प्लेऑफ की रेस में KKR की उम्मीदें कायम

इस जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। KKR ने अब तक 12 मुकाबलों में 5 जीत दर्ज की है और उसके 11 अंक हो गए हैं।

वहीं गुजरात टाइटन्स ने 13 मैचों में 8 जीत हासिल की है और टीम के 16 अंक हैं। हालांकि इस हार के बाद गुजरात को प्लेऑफ के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।

IPL में KKR vs GT हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

इंडियन प्रीमियर लीग में दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें गुजरात टाइटन्स ने 4 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को 2 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा।

मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने आई थीं। इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया था।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!