
खोखरा जेल में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापामार कार्रवाई, सभी बैरकों की सघन तलाशी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
NTN NEWS REPORT//जांजगीर-चांपा, 11 मार्च 2026। जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम औचक निरीक्षण और छापामार कार्रवाई के लिए पहुंची। शासन के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई के दौरान जेल परिसर के सभी बैरकों की सघन तलाशी ली गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम ने जेल के प्रत्येक बैरक में जाकर कैदियों की मौजूदगी, अनुशासन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। इसके साथ ही जेल की रसोई, भोजन सामग्री, साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडिशनल कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सतरूपा तारम तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे सहित पुलिस बल की टीम शामिल रही।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने बताया कि शासन के प्रावधान के अनुसार वर्ष में दो बार जेलों का औचक निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में खोखरा जेल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।