Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

सूने मकान में 9.54 लाख की चोरी का खुलासा: 300 से ज्यादा CCTV खंगालकर 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग संलिप्त

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 11 मार्च 2026। जांजगीर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर की गई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक भी मामले में संलिप्त पाया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना और थाना जांजगीर पुलिस की सक्रियता निर्णायक साबित हुई। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के सख्त निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खपर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जेपी गुप्ता और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को धर दबोचा।


इस तरह रची गई थी चोरी की साजिश

मुख्य फरार आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र के सूने मकानों और नहर किनारे स्थित घरों की रेकी करता था।

  • आरोपी ने अपने पड़ोसी से इलाज कराने जाने का बहाना बनाकर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी (CG-10-CC-1267) ली।
  • दिनांक 26 फरवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे तीनों आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे।
  • नहर किनारे एक बंद सूना मकान देखकर पास के निर्माणाधीन भवन से लोहे की रॉड उठाई।
  • रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच दीवार फांदकर मकान में प्रवेश किया।
  • दरवाजे का ताला और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम पार कर ली।

चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचे, जहां नगदी आपस में बांट ली गई। आभूषण मुख्य आरोपी ने अपने पास रख लिए और बाद में बांटने की बात कही। इसके बाद सभी आरोपी स्कूटी से बिलासपुर लौट गए।


चोरी के माल की ऐसे हुई बिक्री

चोरी के चांदी के आभूषण को बेचने के लिए आरोपियों ने अपने परिचितों की मदद ली।

  • जीत कुमार सूर्यवंशी (तोरवा, बिलासपुर) ने आरोपियों को गीता प्रसाद साहू (देवरीखुर्द, बिलासपुर) से मिलवाया।
  • गीता प्रसाद साहू ने चांदी के जेवर गुड़ीपारा रहौद के सूरज सोनी को बेच दिए।
  • बिक्री से लगभग 80 हजार रुपये प्राप्त हुए।
  • इसमें से 12-12 हजार रुपये जीत कुमार और गीता प्रसाद ने रखे, जबकि शेष रकम मुख्य आरोपी को दे दी गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जीत कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष) – निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला, तोरवा, बिलासपुर
  2. गीता प्रसाद साहू (37 वर्ष) – निवासी देवरीखुर्द, बिलासपुर
  3. सूरज सोनी (34 वर्ष) – निवासी गुड़ीपारा, खरौद, चाना शिवरीनारायण
  4. एक विधि से संघर्षरत बालक , मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बरामद सामग्री

  • सोना – 50 ग्राम
  • चांदी – 796 ग्राम
  • नगदी – 3,600 रुपये
  • घटना में प्रयुक्त स्कूटी
  • कुल जप्त संपत्ति – 9,54,000 रुपये (लगभग)

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, निरीक्षक सागर पाठक (सायबर थाना प्रभारी), उपनिरीक्षक कमलदास बैनर्जी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, प्रदीप दुबे, सहबाज खान, रोहित कहरा और प्रतीक सिंह की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!