
महिला सुरक्षा को लेकर जांजगीर पुलिस का सशक्त अभियान
रजत जयंती के अवसर पर स्कूल से बाजार तक जागरूकता की अलख
NTN NEWS REPORT// जांजगीर–चांपा,07 जनवरी 2026। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा रजत जयंती के सातवें दिवस विशेष जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में महिला सेल जांजगीर द्वारा यह अभियान लगातार अलग-अलग स्थानों पर संचालित किया जा रहा है।
इस क्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे की उपस्थिति में आत्मानंद स्कूल जांजगीर एवं विशाल मेघा मार्ट के समीप महिला सुरक्षा विषय पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
महिला व बालिका सुरक्षा पर दिया गया विशेष संदेश
कार्यक्रम के दौरान CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें और किसी भी अपराध के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज़ उठा सकें।
इन विषयों पर किया गया जागरूक
- घरेलू हिंसा एवं उससे जुड़े कानूनी प्रावधान
- गुड टच–बैड टच की पहचान
- साइबर अपराधों से बचाव एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग
- नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी
- छेड़छाड़, पीछा करने एवं उत्पीड़न से निपटने के उपाय
पुलिस हेल्पलाइन और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
कार्यक्रम में पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 की उपयोगिता बताई गई। साथ ही साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई—
सायबर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
- वित्तीय धोखाधड़ी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
- भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
हर वर्ग तक पहुंचेगा अभियान
पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि इस जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिला सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम में आत्मानंद स्कूल जांजगीर की प्राचार्य परमेश्वरी सोनी, कराते प्रशिक्षक रुकमणी पाण्डेय सहित स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महिला सुरक्षा को लेकर जांजगीर पुलिस का यह अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।