
जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्ती: फेयरवेल के नाम पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, वाहन चालकों पर कार्रवाई
जांजगीर-चांपा// 09 फरवरी 2026। GLD स्कूल, खैरताल में आयोजित फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा वाहनों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। कार और स्कॉर्पियो वाहन की बोनट व छत पर बैठकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई
घटना दिनांक 04.02.2026 की है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना नवागढ़ पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए 2800-2800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया तथा भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त समझाइश दी गई।
नई पीढ़ी के लिए सख्त संदेश
पुलिस का स्पष्ट कहना है कि स्टंटबाजी कोई शान नहीं, बल्कि जानलेवा अपराध है। थोड़ी सी लापरवाही न सिर्फ अपनी जान खतरे में डालती है, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी छीन सकती है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ के चक्कर में किया गया ऐसा “रोमांच” कभी भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकता है।
अभिभावकों के लिए चेतावनी
पुलिस ने पेरेंट्स से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। बिना लाइसेंस, बिना अनुभव और बिना जिम्मेदारी वाहन देना बड़ी घटना को न्योता देना साबित हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी सीधे अभिभावकों पर भी तय हो सकती है।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि: खतरनाक स्टंट से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें, बच्चों को कानून और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाएं
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ एवं थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
स्पष्ट संदेश: स्टंट नहीं, सुरक्षित ड्राइविंग ही असली स्मार्टनेस है एक गलत फैसला पूरी जिंदगी का पछतावा बन सकता है