Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर–नैला में रेल ओवरब्रिज निर्माण को लेकर फिर भड़का जनआंदोलन, 06 मार्च को विधायक व्यास कश्यप ने किया चक्काजाम का ऐलान

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जांजगीर–नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण सहित रेलवे से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर जनआंदोलन की घोषणा की गई है। विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने 06 मार्च 2026 को पुनः आंदोलन एवं चक्काजाम करने का निर्णय लिया है।विधायक व्यास कश्यप द्वारा कलेक्टर जांजगीर-चांपा को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि जांजगीर–नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन में रेल ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, गोंडवाना सहित अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा मिशन अस्पताल के सामने अंडरब्रिज निर्माण जैसी मांगों को लेकर पूर्व में जनआंदोलन किया गया था।

पत्र के अनुसार आंदोलन के दौरान रेलवे प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से हुई चर्चा के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया था। उस समय यह सहमति बनी थी कि 06 माह के भीतर रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा तथा जांजगीर–नैला रेलवे स्टेशन में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

हालांकि, सहमति बने कई माह बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी वादे पर अमल नहीं किया गया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि राज्य शासन और रेलवे प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए मामले को टाल रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

स्थिति से क्षुब्ध होकर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में 06 मार्च 2026 को जांजगीर–नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम समपार पर जनआंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा।

इस संबंध में कलेक्टर को औपचारिक रूप से सूचना देते हुए पत्र प्रेषित किया गया है, ताकि प्रशासन आवश्यक कदम उठा सके।

देखिए दिए गए पत्र की प्रति

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!