
नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का प्रभाव — सबरिया समाज ने ली शराब न बनाने और न बेचने की शपथ
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता अभियान का असर अब जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। सामाजिक पुलिसिंग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से सबरिया/धनुवार समाज अब मुख्यधारा से जुड़ते हुए स्वावलंबन की ओर अग्रसर हो रहा है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम कोटमीसोनार और थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम कटौद पहुंचे, जहां आयोजित विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के सबरिया/धनुवार समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को कापी, पेन एवं पुस्तकें वितरित कीं और उपस्थित जनसमूह को नशा त्यागने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग यदि आत्मनिर्भर बनेगा तो वह किसी भी प्रकार के अवैध कार्यों में शामिल नहीं होगा। उन्होंने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के दुष्परिणामों के साथ-साथ नशे, जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक बुराइयों से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
उन्होंने यह भी कहा कि “जिस बच्चे को सही शिक्षा मिलती है, वह कभी अपराध की राह नहीं चुनता।”

पुलिस अधीक्षक की पहल पर सबरिया समाज के लोग अब सामूहिक रूप से निर्णय ले चुके हैं कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री जैसी गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे। पुलिस विभाग की ओर से उन्हें स्वरोजगार, कौशल विकास और विशेष प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को बिहान समूह से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
पुलिस की अपील:
अवैध शराब की बिक्री एक गंभीर अपराध है, इससे समाज में कई तरह की त्रासदियां जन्म लेती हैं। सभी नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए ऐसे अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
कार्यक्रम में SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, निरीक्षक कमलेश सेंडे, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार प्रभारी ASI राजेंद्र सिंह, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा सबरिया/धनुवार समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन को विश्वास है कि यह सकारात्मक पहल न केवल सबरिया समाज में, बल्कि पूरे जिले में स्वावलंबन और सामाजिक परिवर्तन की नई दिशा स्थापित करेगी।