
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी लोगों के लिए संजीवनी, शासकीय मदद से गणेशराम का किडनी प्रत्यारोपण सफल
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 08 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अब उन जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनदायिनी संजीवनी साबित हो रही है, जो गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च वहन नहीं कर पाते। इसी योजना ने एक बार फिर मानवता की मिसाल कायम की है — जशपुर जिले के बगीचा निवासी 48 वर्षीय किसान गणेशराम यादव को नई जिंदगी देकर।
गणेशराम की दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी थीं। कई महीनों से वे डायलिसिस पर थे, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। डॉक्टरों ने किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी, परंतु महंगा उपचार सुनकर परिवार की उम्मीदें टूट गईं। एक किसान परिवार के लिए इतना बड़ा खर्च उठाना असंभव था। निराशा के इस दौर में परिवार को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी कुनकुरी सदन के माध्यम से मिली।
परिवार ने तुरंत पहल करते हुए आवश्यक दस्तावेज तैयार किए। योजना के अंतर्गत बिना किसी जटिल प्रक्रिया के उनका पूरा उपचार निःशुल्क स्वीकृत हो गया। गणेशराम को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किडनी प्रत्यारोपण किया।
इस उपचार की सबसे भावनात्मक पहलू यह रहा कि गणेशराम की 64 वर्षीय माता सरस्वती यादव ने अपने बेटे के लिए निःसंकोच अपनी किडनी दान कर दी — एक माँ ने अपने बेटे को दूसरी बार जीवनदान दिया। प्रत्यारोपण सफल रहा, और गणेशराम अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। घर लौटने के बाद परिवार में खुशियाँ लौट आईं।
स्वास्थ्य लाभ के बाद गणेशराम अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित निवास में मिले। भावनाओं से भरे गणेशराम ने कहा — “अगर यह योजना नहीं होती, तो शायद मैं आज ज़िंदा नहीं होता। सरकार ने हमारे जीवन की टूटी हुई आस को फिर से लौटा दिया।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गणेशराम और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात करते हुए उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा —
“प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाने का अधिकारी है। हमारी सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे — यही सच्चे अर्थों में जनसेवा है।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मानवीयता और करुणा का नया आयाम दे रही है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए जीवन की नई उम्मीद बन चुकी है।