
रक्तदान से सड़क सुरक्षा तक: जांजगीर–चांपा में 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का भव्य आगाज़
NTN NEWS REPORT// जांजगीर–चांपा। नववर्ष 2026 के पहले ही दिन जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ “रक्तदान करें, किंतु सड़कों पर नहीं” की सार्थक थीम के साथ किया गया। इस अवसर पर कचहरी चौक स्थित सी-मार्ट, जांजगीर में बृहद रक्तदान शिविर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे (IAS) एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रथ को रवाना किया गया।
रक्तदान शिविर में अधिकारियों की स्वेच्छा से सहभागिता
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरक संदेश दिया। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
प्रदर्शनी के माध्यम से यातायात जागरूकता
कार्यक्रम स्थल पर यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं बचाव से संबंधित फोटो एवं प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके माध्यम से आमजन को नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा जनवरी माह में जिले के स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों से लगे ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
दुर्घटनाओं पर नियंत्रण ही मुख्य उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु की संख्या अन्य अपराधों की तुलना में कहीं अधिक है। दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की संख्या लगभग 62 प्रतिशत है। इसे ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026 में
- तेज गति से वाहन चलाने वालों,
- नशे में वाहन चलाने वालों,
- ट्रिपल सवारी करने वालों
पर विशेष फोकस के साथ प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट को चिन्हित कर NH, PWD एवं RTO के सहयोग से सुधार कार्य किए जाएंगे तथा थानावार कार्ययोजना बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
जनभागीदारी से ही संभव है सड़क सुरक्षा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता, इसके लिए आम जनता की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। जब तक समाज स्वयं यातायात नियमों के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक पूर्ण सफलता संभव नहीं है।
युवाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं कॉलेज विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सड़क किनारे बसे गांवों के मितानों से सतत संपर्क बनाकर दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने जिले में नए ड्राइविंग स्कूल एवं फिटनेस सेंटर की स्थापना की जानकारी भी दी।
जांजगीर–चांपा पुलिस की अपील
- यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।
- नाबालिगों को वाहन चलाने न दें।
- वाहन के सभी कागजात अद्यतन रखें।
- बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं।
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
- नो पार्किंग में वाहन खड़ा कर अव्यवस्था व दुर्घटना का कारण न बनें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, CSP योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।