Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपा

जिले में प्रत्येक माह 9 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी व विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध

उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत पहचान और जांच सुनिश्चित करें - कलेक्टर

जांजगीर-चांपा 23 मई 2025// कलेक्टर जनमेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में भारत सरकार की योजना के तहत् प्रत्येक माह की 09 एवं 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत् जिला के जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में 24 मई 2025 को आयोजित होने वाले प्रधानमत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शत-प्रतिशत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की त्वरित पहचान की जाए। अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, विशेषज्ञ एवं निजी चिकित्सकों की भागीदारी सुनिश्चित करना, तथा गर्भवती महिलाओं की पूर्ण जांच जैसे हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन, ऊंचाई, शुगर, मूत्र परीक्षण एवं पेट की जांच समय पर की जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को पोषण, संस्थागत प्रसव एवं खतरे के लक्षणों के बारे में परामर्श दिया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में चिन्हित उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की श्रेणीवार लाइन लिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उनका नियमित फॉलो-अप किया जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के अवसर पर 102, 108 सेवाओं तथा अस्पतालों में उपलब्ध एम्बुलेंस का उपयोग आवश्यकतानुसार हितग्राहियों के लिए किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि माह प्रत्येक की 09 एवं 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के सफल आयोजन हेतु निःशुल्क सोनोग्राफी हेतु जिला में कुल 18 निजी सोनाग्राफी सेन्टरों को चिन्हांकित किया है। जिसमें गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा प्रदान किया जाएगा।

प्रत्येक माह की 09 एवं 24 तारीख को निजी अस्पताल नर्सिंग होम/क्लीनिक के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल राठौर, डॉ. अरविन्द एक्का, डॉ. पल्लवी शर्मा एवं डॉ. विकास डहरिया क्रमशः सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनीडीह, बलौदा, अकलतरा एवं नवागढ़ में निःशुल्क सेवा प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस जिले में जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल एवं 08 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 01 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं चिन्हांकित 19 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित किया जाएगा।

जहां विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी तथा आवश्यक संसाधनों की उपस्थिति शत् प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचातय मुख्यकार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार बर्मन, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. यू के मरकाम सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!