
शराब के नशे में स्पा कराने की जिद, मना करने पर की फायरिंग
कटोरा तालाब स्थित ब्यूटी पार्लर में हवाई फायरिंग, 2 आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार
NTN REPORT// रायपुर, 26 फरवरी 2026। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब स्थित एक महिला संचालित ब्यूटी पार्लर एंड स्पा में हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना 25 फरवरी की रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पार्लर बंद हो चुका था और स्टाफ घर जा चुका था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और स्पा कराने की जिद करने लगे। संचालिका द्वारा दुकान बंद होने की बात कहकर मना करने पर दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में बहस शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
दो घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना संचालिका ने अगले दिन दोपहर थाना सिविल लाइन में दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और लगभग दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग पिस्टल एवं एक नग एयर गन जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
- सुनील कुमार पाण्डेय, पिता संतराम पाण्डेय, उम्र 46 वर्ष, निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) — निजी पीएसओ
- अंगद सिंह, पिता विनोद सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, मोवा (रायपुर) — ड्राइवर
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।