Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़: पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल

NTN NEWS REPORT//जांजगीर-चाम्पा, 24 मार्च 2026। थाना पामगढ़ क्षेत्र में एक राय होकर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है।

क्या है पूरा मामला

प्रार्थिया दिलेश्वरी यादव ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर थीं। इसी दौरान घर के सामने लड़ाई-झगड़े और अश्लील गाली-गलौज की आवाज सुनाई दी। जब वह गेट के पास जाकर देखीं तो गांव के शैलेंद्र साहू, राजकुमार धीवर, अंशु पटेल और उनके अन्य साथी वहां गाली-गलौज कर रहे थे।

इसी दौरान उनके जेठ गुलशन श्रीवास ने छत से आरोपियों को गाली देने से मना किया। इस पर सभी आरोपी एकजुट होकर और भड़क गए तथा धमकी देने लगे। कुछ देर बाद प्रार्थिया के जेठ गुलशन श्रीवास और पति हिमांशु श्रीवास गेट के बाहर निकले तो आरोपियों ने उनसे विवाद करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। डर के कारण दोनों वापस घर के अंदर चले गए।

बेल्ट, ईंट और डंडे लेकर दोबारा पहुंचे आरोपी

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी दोबारा एक राय होकर बेल्ट, ईंट और डंडे लेकर तैयारी के साथ घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा धक्का देकर घर में प्रवेश किया और पति हिमांशु श्रीवास व जेठ गुलशन श्रीवास को बाहर निकलने के लिए कहते हुए गाली-गलौज कर मारपीट की। इतना ही नहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

घटना की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3), 333 एवं 324(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया—

  1. शैलेंद्र साहू, उम्र 36 वर्ष, निवासी व्यासनगर, थाना पामगढ़
  2. राजकुमार धीवर, उम्र 26 वर्ष, निवासी व्यासनगर वार्ड क्रमांक 12
  3. अमन सारथी उर्फ गब्बर, उम्र 18 वर्ष, निवासी मुलमुला भैना मोहल्ला, थाना मुलमुला
  4. अंशु पटेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी व्यासनगर वार्ड क्रमांक 16, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चाम्पा

पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक अशोक यादव, आरक्षक राघवेंद्र एवं भुवनेश्वर पटेल का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!