Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

बिजली आधा, बिल ज्यादा: भाजपा सरकार ने जनता को दिया 440 वोल्ट का झटका — शेषराज हरबंश

बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पामगढ़ विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

NTN REPORT// जांजगीर/सक्ती। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को सक्ती में आयोजित पत्रकार वार्ता में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और बिजली दर वृद्धि को जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।

शेषराज हरबंश ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने आम लोगों, किसानों और छोटे व्यापारियों को परेशान करने वाला फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि “बिजली आधा, बिल ज्यादा” की स्थिति बन गई है और सरकार ने जनता को 440 वोल्ट का झटका दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली आपूर्ति व्यवस्था कमजोर हुई है, लेकिन दूसरी ओर उपभोक्ताओं के बिजली बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की परेशानियों को समझते हुए बिजली दर वृद्धि को तत्काल वापस लेना चाहिए।

किसानों और छोटे व्यापारियों पर बढ़ेगा आर्थिक दबाव: कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ेगा। पहले से महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे लोगों के लिए बढ़े हुए बिजली बिल नई परेशानी खड़ी करेंगे।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता को राहत देने में विफल रही है। पार्टी ने बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी

पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रश्मि गबेल, घनश्याम देवांगन, बलराम पांडेय, राकेश रामेर, प्यारे लाल कुँवर, लाला सोनी, पवन साहू, पुरुषोत्तम साहू, कुसुम यादव, पिंटू ठाकुर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!