
DMF फंड प्रकरण: आरोपी अनिल टुटेजा गिरफ्तार, 26 फरवरी तक पुलिस रिमांड
NTN REPORT// रायपुर, 23 फरवरी 2026। जिले में दर्ज DMF फंड प्रकरण में विस्तृत जांच के बाद आरोपी अनिल टुटेजा को विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई ब्यूरो द्वारा पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 02/2024 (DMF प्रकरण) में की गई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले की विवेचना के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों तथा विभिन्न व्यक्तियों के कथन एवं बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह स्थापित हुआ है कि आरोपी ने DMF निधि से संबंधित विभिन्न कार्यों में अपने परिचित व्यक्तियों एवं फर्मों को कमीशन/प्रतिफल लेकर कार्य दिलाने तथा कार्य आवंटन कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विवेचना में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने रिश्तेदारों एवं निकट संबंधियों के माध्यम से विभिन्न फर्मों को कमीशन लेकर DMF मद के कार्य दिलवाने एवं आवंटित कराने की गतिविधियां संचालित कीं। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध शासकीय धन के दुरुपयोग, आपराधिक षड्यंत्र तथा भ्रष्ट आचरण से संबंधित संज्ञेय अपराध प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को विधि अनुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से 26 फरवरी 2026 तक पुलिस रिमांड की अनुमति प्राप्त हुई है। प्रकरण की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।