
यामी गौतम–कृति सेनन के बीच ‘कोल्ड वॉर’ की चर्चा तेज इंस्टा रील लाइक विवाद पर यामी का बयान – “गलती से हुआ, किसी को नीचा दिखाने का इरादा नहीं”
NTN NEWS REPORT// फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर गॉसिप का बाजार गर्म है। एक्ट्रेस Yami Gautam और Kriti Sanon के बीच कथित ‘कोल्ड वॉर’ की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। पूरा विवाद एक इंस्टाग्राम रील को लाइक करने से शुरू हुआ, जिसके बाद फैंस के बीच बहस छिड़ गई।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई थी जिसमें कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिए जाने की आलोचना की जा रही थी। इस रील पर यामी गौतम का ‘लाइक’ दिखने के बाद इंटरनेट पर चर्चा तेज हो गई। जैसे ही यह बात सामने आई, दोनों एक्ट्रेसेज के फैंस आमने-सामने आ गए। कई यूजर्स ने इसे दोनों के बीच मतभेद से जोड़कर देखना शुरू कर दिया।
यामी गौतम का सफाई भरा बयान
विवाद बढ़ने पर यामी गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी सफाई दी। उन्होंने लिखा—
“मुझे पता चला कि मैंने किसी दूसरे एक्टर को भला-बुरा कहने वाली एक रील को लाइक कर दिया। हम सेलेब्स रोज कई पोस्ट में टैग होते हैं। मेरा उस वीडियो को लाइक करना जानबूझकर नहीं था। शायद गलती से लाइक हो गया। मैंने अपनी जिंदगी में कभी सस्ते पीआर स्टंट का सहारा नहीं लिया। मैं हमेशा अपने काम पर फोकस करती हूं।”
यामी ने आगे कहा कि क्लिकबेट के दौर में सोशल मीडिया पर चीजों को गॉसिप बना दिया जाता है, लेकिन उम्मीद है कि लोग उनकी छवि का सम्मान करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास कोई पीआर टीम नहीं है और अवॉर्ड शोज को लेकर वह पहले भी अपनी राय रख चुकी हैं।
अवॉर्ड विवाद की पृष्ठभूमि
हाल ही में एक अवॉर्ड शो में कृति सेनन को फिल्म Tere Ishk Mein के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। हालांकि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस फैसले पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स का कहना था कि यामी गौतम को फिल्म Haqq के लिए यह सम्मान मिलना चाहिए था।
इसी दौरान इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कृति खुशी-खुशी अपना अवॉर्ड दिखा रही थीं। उसी वीडियो में यामी का एक पुराना इंटरव्यू क्लिप जोड़ा गया था, जिसमें वह कहती नजर आ रही थीं— “तुमने सब ट्राई किया फिर भी चीजें नहीं चलीं, तो वैलिडेशन की चाहत छोड़ दो। अवॉर्ड मिला तो अच्छी एक्ट्रेस, नहीं मिला तो बुरी—ऐसा कुछ नहीं होता।” इस एडिटेड वीडियो ने विवाद को और हवा दे दी।
वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में फिल्म Tere Ishk Mein में नजर आईं, जिसका निर्देशन Aanand L Rai ने किया है। फिल्म में उनके अपोजिट Dhanush हैं।
वहीं यामी गौतम फिल्म Haqq में दिखाई दीं। इस कोर्टरूम ड्रामा में उनके साथ Emraan Hashmi मुख्य भूमिका में हैं।
फिलहाल यामी गौतम ने इस पूरे विवाद को महज एक ‘गलतफहमी’ बताया है। हालांकि सोशल मीडिया पर दोनों एक्ट्रेसेज के फैंस के बीच बहस जारी है। अब देखना होगा कि यह मामला यहीं शांत होता है या आगे और तूल पकड़ता है।