
म्यूल अकाउंट के जरिए 86 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक बैंक की 111 खातों से देशभर में हुआ अवैध ट्रांजैक्शन, बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
NTN NEWS REPORT// दुर्ग। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मोहन नगर पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा बैंक खातों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों से ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। जांच में कुल 86 लाख 33 हजार 247 रुपये के अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है।
111 बैंक खातों का हुआ विश्लेषण
दुर्ग पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना मोहन नगर क्षेत्र स्थित कर्नाटक बैंक, स्टेशन रोड दुर्ग शाखा में संचालित 111 बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर किए जाने के प्रमाण मिले।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज
मामले में अपराध क्रमांक 07/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान खाताधारकों की पहचान कर 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 30 मार्च 2026 को सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है।
आर्थिक लाभ के लिए उपलब्ध कराए खाते
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपने बैंक खातों को साइबर ठगी में उपयोग के लिए उपलब्ध कराते थे। साइबर अपराधी इन खातों के माध्यम से ठगी की राशि ट्रांसफर कर उसे निकाल लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी
- मधु साहू (45 वर्ष)
- ज्योति गौतम (28 वर्ष)
- फरहद खान (56 वर्ष)
- भूपेश गोहिल (51 वर्ष)
- अजय कुमार उर्फ मोनू (29 वर्ष)
- मसीर आलम (27 वर्ष)
- नवीन भागवत (24 वर्ष)
- भूपेंद्र कुमार टंडन (36 वर्ष)
- संतोष बिसाई (28 वर्ष)
- हीरा सिंह (55 वर्ष)
जप्त सामग्री
- संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज
- मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस टीम की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक या अन्य वित्तीय दस्तावेज किसी भी व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।