
जांजगीर-चांपा में अवैध खनन पर कलेक्टर का सख्त एक्शन—5 वाहन जब्त, 76 प्रकरणों में ₹24.65 लाख की वसूली
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 09 दिसम्बर 2025।
अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के कई क्षेत्रों में अचानक जांच अभियान चलाया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बम्हनीडीह, पुछेली, बिर्रा, कनस्दा, हथनेवरा और पीथमपुर क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी।
5 वाहन जब्त, थाना व पुलिस रक्षित केन्द्र में रखे गए : जिला खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पुछेली से 1 ट्रैक्टर, पीथमपुर से 1 हाईवा, कनस्दा से 1 ट्रैक्टर, बम्हनीडीह क्षेत्र से 2 हाईवा को मिलाकर कुल 5 वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना और पुलिस रक्षित केंद्रों में सुरक्षा हेतु रखा गया है।
76 प्रकरणों में ₹24,65,550 की वसूली : बम्हनीडीह और पुछेली क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर की गई कार्रवाई में— 66 प्रकरण अवैध परिवहन: ₹11,87,480, 06 प्रकरण अवैध उत्खनन: ₹3,00,230 , 04 प्रकरण अवैध भंडारण: ₹9,77,840 इस प्रकार कुल 76 मामलों में ₹24,65,550 की शास्ति राशि वसूल कर खनिज मद में जमा की गई है।
कठोर कार्रवाई की चेतावनी : जिला खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर माननीय न्यायालय में परिवाद दर्ज कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार गश्त, त्वरित कार्रवाई जारी : कलेक्टर के निर्देश पर खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा जिले में लगातार गश्त और जांच की जा रही है। प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।