
NTN REPORT// मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेंद्रगढ़ बिजली कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता और लाइनमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अस्थायी विद्युत कनेक्शन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, डोमनपारा मनेंद्रगढ़ निवासी रमेश सिंह ने एसीबी कार्यालय अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने अपने खेत में सिंचाई कार्य के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन हेतु मनेंद्रगढ़ बिजली कार्यालय में आवेदन किया था। आवेदन की सर्वे प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद कनेक्शन जारी नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि बिजली कार्यालय में पदस्थ लाइनमैन राकेश शुक्ला ने कनेक्शन जारी करने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। साथ ही यह रकम कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार को देने की बात कही गई। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने के उद्देश्य से एसीबी से संपर्क किया।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच 9,500 रुपये में सहमति बनी।
रविवार 25 मई 2026 को एसीबी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार तथा लाइनमैन राकेश शुक्ला को 9,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग में लंबे समय से काम के बदले पैसे मांगने की शिकायतें सामने आती रही हैं। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।