
एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर पर बिलासपुर पुलिस की कार्यशाला, डिजिटल चालानी सिस्टम से होगी सख्त कार्रवाई
NTN NEWS REPORT// बिलासपुर, 11 अप्रैल 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में बिलासपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर (एल्कोमीटर) मशीन के संबंध में एक दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में जिले के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस सहायता केंद्रों के प्रभारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीन के संचालन, अल्कोहल स्तर की डिजिटल रिकॉर्डिंग और कानूनी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। तकनीकी विशेषज्ञों ने बताया कि मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की सांस में मौजूद अल्कोहल की मात्रा का सटीक विश्लेषण कर संख्यात्मक डेटा तैयार किया जाता है, जिसे न्यायालयीन प्रक्रिया में उपयोग किया जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मौतें दुपहिया वाहन चालकों की होती हैं, जिनमें तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा शराब सेवन प्रमुख कारण हैं। इसे ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब एडवांस वर्जन मशीन के जरिए बिना फूंक के केवल गंध के आधार पर भी अल्कोहल की पहचान संभव होगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब सेवन कर वाहन चलाने से स्वयं घायल होने या अन्य को दुर्घटना में आहत करने की स्थिति में संबंधित चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के साथ-साथ अन्य सुसंगत आपराधिक धाराओं के तहत भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही आईटीएमएस, नेक्स्ट जेन एम-परिवहन पोर्टल, पीओएस मशीन और सिटीजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी अधिकारियों को दक्ष बनाया गया। डिजिटल प्रणाली से मौके पर ही त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
भारी वाहनों जैसे बस, ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य परिवहन साधनों के चालकों द्वारा नशे में वाहन संचालन को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए शहर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों को भी कार्यशाला में आमंत्रित किया गया। उन्हें अपने संस्थानों में ब्रीथ एनालाइजर मशीन अनिवार्य रूप से लगाने का सुझाव दिया गया, ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर व्हील लॉक की व्यवस्था की गई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, NTPC व SECL के अधिकारी, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के संरक्षक मोतीलाल शर्मा एवं अध्यक्ष श्यामलाल दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के संरक्षक मोतीलाल शर्मा और अध्यक्ष श्यामलाल दुबे ने सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे तकनीकी एवं ठोस कदमों की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिवहन व्यवसाय से जुड़े सभी लोग यातायात नियमों के पालन और जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देंगे।