Advertisment
Advertisment
राजनीति

झारखंड राज्यसभा चुनाव में NDA का बड़ा उलटफेर, परिमल नाथवानी ने कांग्रेस के प्रणव झा को हराया; INDIA ब्लॉक में क्रॉस वोटिंग से बढ़ी सियासी हलचल

NTN REPORT// रांची। झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हराकर जीत दर्ज कर ली है। नाथवानी की जीत को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन और कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। चुनाव के दौरान विपक्षी खेमे से क्रॉस वोटिंग की खबरों ने झारखंड की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

परिमल नाथवानी, फाइल फोटो

राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में परिमल नाथवानी को 28 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने भी जीत हासिल की। उनकी जीत पहले से लगभग तय मानी जा रही थी।

क्रॉस वोटिंग ने बदला चुनाव का समीकरण

चुनाव अधिकारी के अनुसार, NDA समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी को विपक्षी खेमे से चार विधायकों के अतिरिक्त वोट मिले। यही क्रॉस वोटिंग उनकी जीत की वजह बनी। NDA के पास विधानसभा में 24 विधायक थे, जबकि जीत के लिए 81 सदस्यीय विधानसभा में 28 पहली पसंद के वोटों की जरूरत थी। नाथवानी ने जरूरी आंकड़े से चार अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज कर ली।

वहीं सत्तारूढ़ INDIA गठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन था, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा केवल 20 वोट ही हासिल कर सके।

बैद्यनाथ राम भी जीते, तीन वोट हुए अमान्य

राज्यसभा की दूसरी सीट पर JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को 30 वोट मिले और उन्हें विजेता घोषित किया गया। इस चुनाव में तीन वोट अमान्य पाए गए। इनमें एक वोट कांग्रेस और दो वोट बीजेपी विधायकों के बताए गए हैं।

कांग्रेस ने RJD और लेफ्ट पर लगाया आरोप

कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद पार्टी ने सहयोगी दलों पर सवाल उठाए हैं। झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने आरोप लगाया कि RJD और वाम दलों ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिले चार अतिरिक्त वोट JMM की ओर से आए हैं। उन्होंने गठबंधन में एकजुटता की कमी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

BJP ने कहा- विधायकों ने अंतरात्मा की आवाज सुनी

बीजेपी विधायक प्रदीप प्रसाद ने चुनाव परिणाम पर कहा कि NDA को 28 वोट मिले, JMM को 30 और कांग्रेस को 20 वोट मिले। उन्होंने कहा कि विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान किया और इसी वजह से नाथवानी को जीत मिली।

जीत के बाद नाथवानी ने जताया आभार

जीत के बाद परिमल नाथवानी ने झारखंड की जनता और NDA नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में चौथे कार्यकाल के लिए अवसर मिलना उनके लिए गर्व और भावनात्मक क्षण है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी नेतृत्व और NDA सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए झारखंड विधानसभा के सभी समर्थक विधायकों का धन्यवाद किया।

झारखंड की राजनीति में बढ़ेगी हलचल

परिमल नाथवानी की जीत के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा उन चार विधायकों की हो रही है, जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की। इन विधायकों की पहचान और उनकी राजनीतिक दिशा आने वाले दिनों में झारखंड की सियासत को प्रभावित कर सकती है।

डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!