
NTN NEWS REPORT // रायपुर। रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देशन में “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। साइबर अपराधों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर संचालित 262 फर्जी ID का खुलासा किया है, जिन पर 50 लाख से अधिक फॉलोवर थे। इन ID के माध्यम से महिलाओं की फर्जी फोटो और मोबाइल नंबर वायरल कर देशभर के हजारों लोगों से ठगी की जा रही थी।
फर्जी कॉल सेंटर से संचालित ठगी का नेटवर्क
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में पता चला कि यह गैंग जमशेदपुर (झारखंड) और बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में पिछले दो वर्षों से फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहा था। ये आरोपी मैट्रिमोनियल साइट पर महिलाओं के फर्जी प्रोफाइल बनाकर विवाह के इच्छुक लोगों से संपर्क करते थे और उनके साथ ठगी करते थे।
म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए होता था पैसा ट्रांसफर
जांच में सामने आया कि यह गिरोह HDFC बैंक में खुले 79 म्यूल बैंक अकाउंट का उपयोग कर ठगी की रकम इधर-उधर ट्रांसफर करता था। इस संबंध में थाना डी.डी. नगर रायपुर में अपराध क्रमांक 424/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दो राज्यों में छापेमारी, 11 आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर जमशेदपुर (झारखंड) से 3 तथा बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 36 मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामग्री जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. शुभम दास (26 वर्ष), चाकुलिया, जमशेदपुर. 2. लक्ष्मण गोप (29 वर्ष), लोधाषोली, जमशेदपुर. 3. असित पातर (24 वर्ष), काला पाथर, जमशेदपुर. 4. सूरज कुमार पटेल (21 वर्ष), सरकंडा, बिलासपुर. 5. सुखसागर कैवर्त (22 वर्ष), सरकंडा, बिलासपुर. 6. मानसु डाहिरे (21 वर्ष), सरकंडा, बिलासपुर. 7. अनिकेत कुलदीप (20 वर्ष), धर्मजयगढ़, रायगढ़ (हाल सरकंडा, बिलासपुर। 8. करण पुष्पकार (22 वर्ष), सरकंडा, बिलासपुर। 9. रमाकांत गंधर्व (22 वर्ष), पण्डरिया, कबीरधाम। 10. सिराज खान (20 वर्ष), सरकंडा, बिलासपुर। 11. त्रियम्बक कुमार भास्कर उर्फ बाबू (27 वर्ष), कोरिया (हाल सरकंडा, बिलासपुर)
साइबर जांच से खुला ठगी का जाल
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण से यह खुलासा हुआ कि देश के विभिन्न राज्यों में इनके कई साथी सक्रिय हैं जो फर्जी सोशल मीडिया ID बनाकर लोगों से ठगी करते हैं। पुलिस ने बताया कि सभी सहयोगियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराध में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत फर्जी ID, कॉल सेंटर और म्यूल बैंक खातों से जुड़े सभी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है, जबकि जांच दल अब ठगी के पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटा है।