Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय लूट व उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 19 फरवरी 2026।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार राज्य के कटिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों—रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर—में कुल 7 प्रकरणों में लगभग 9 लाख 83 हजार रुपये की लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।

थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में 2.50 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट के मामले में यह बड़ी सफलता साइबर थाना जांजगीर को मिली है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

बैंक से निकलने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक में अधिक रकम निकालने आए बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। बैंक से निकलने के बाद उनका पीछा कर सुनसान स्थान पर मौका देखकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पीड़ितों को गुमराह करने के लिए आरोपी केंवाच (खुजली) पाउडर का इस्तेमाल करते थे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बनाकर वे रकम लेकर फरार हो जाते थे।

शिवरीनारायण में 2.5 लाख की लूट से खुला राज

घटना 13 फरवरी 2026 की है। प्रार्थी पामगढ़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 2.5 लाख रुपये निकालकर ग्राम धरदेई लौट रहा था। धरदेई पहुंचने पर अज्ञात बाइक सवार आरोपियों ने उसका पीछा कर नकदी लूट ली और फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 309(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

150 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर मिला सुराग

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

संदिग्ध मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए पुलिस बिलासपुर तक पहुंची। तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों के बिहार निवासी होने की जानकारी मिली। बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के एक लॉज में आरोपियों के ठहरने की पुष्टि हुई।

पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर शिवम लॉज में दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने 13 फरवरी की घटना सहित अन्य वारदातें स्वीकार कीं।

इन जिलों में भी की लूट की वारदातें

पूछताछ में आरोपियों ने निम्न घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया:

  • 04 दिसंबर 2025 – अंबिकापुर कोतवाली, जिला सरगुजा – 2 लाख रुपये
  • 16 दिसंबर 2025 – थाना खरसिया, जिला रायगढ़ – 1 लाख रुपये
  • 12 जनवरी 2026 – थाना खरसिया, जिला रायगढ़ – 2 लाख रुपये
  • 13 जनवरी 2026 – थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ – 60 हजार रुपये
  • 16 जनवरी 2026 – थाना गांधीनगर, अंबिकापुर – 88 हजार रुपये
  • 16 फरवरी 2026 – थाना कटघोरा, जिला कोरबा – 85 हजार रुपये

गिरफ्तार आरोपी

  1. दीपक यादव (36 वर्ष), निवासी नया टोला जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)
  2. अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी नया टोला जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)

प्रकरण के मुख्य साजिशकर्ता सहित एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जब्त सामग्री

  • 02 मोटरसाइकिल (पल्सर CG-07-CD-1988 एवं ग्लैमर CG-10-AK-1805)
    (दोनों वाहन बिहार से चोरी कर फर्जी छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट लगाई गई थी)
  • 04 फर्जी आधार कार्ड
  • 03 कीपैड मोबाइल फोन
  • केंवाच (खुजली) पाउडर
  • 10,500 रुपये नगद

आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य, थाना प्रभारी शिवरीनारायण राजीव श्रीवास्तव सहित साइबर एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर पुलिस की आम जनता से अपील

  • बड़ी रकम निकालने की जानकारी अंजान लोगों से साझा न करें।
  • संभव हो तो RTGS/IMPS/UPI जैसे ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करें।
  • बड़ी राशि निकालते समय विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें।
  • बैंक के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
  • पैसे खुले में न गिनें और सुरक्षित बैग में रखें।
  • यदि कोई पीछा करे तो तुरंत नजदीकी थाना या भीड़भाड़ वाले सुरक्षित स्थान पर जाएं।

पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!