
कोयला हेराफेरी का बड़ा खुलासा: 115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त, तीन ड्राइवर गिरफ्तार
प्रकाश इंडस्ट्रीज के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर की जा रही थी हेराफेरी, चांपा पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 29 मई 2026। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी और मिलावट का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के लिए भेजे जा रहे उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला पहुंचाने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला एवं तीन ट्रेलर जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सूरजपुर जिले के भास्करपारा कोल माइंस से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला प्रकाश इंडस्ट्रीज के लिए भेजा गया था।
तीनों वाहन 25 मई को माइंस से रवाना हुए और 27 मई को दोपहर बाद प्लांट पहुंचे। जब आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों से काफी कम पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट किए जाने की आशंका सामने आई।
पूछताछ में सामने आया पूरा खेल
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर ट्रक चालकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलरों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया था। इसके बाद उसकी जगह निम्न स्तर का कोयला भरकर प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा में पहुंचाया गया।
आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने गणेश कोल डिपो अमझर में दबिश देकर बदला गया कोयला बरामद किया। मौके से तीनों ट्रेलर तथा लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- शेख सरफरोज (35 वर्ष), पिता शेख तबारक हुसैन, निवासी गढ़वा, झारखंड
- अजमत अंसारी (32 वर्ष), पिता इलियास अंसारी, निवासी गढ़वा, झारखंड
- रामचन्द्र (30 वर्ष), पिता अमरशाह, निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश