Advertisment
Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

ACB की बड़ी कार्रवाई: जनपद पंचायत के प्रभारी SDO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

25 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी, रोजगार गारंटी योजना के कार्य के सत्यापन और बिल भुगतान के एवज में मांगी गई थी रकम

NTN REPORT//  एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला जशपुर के मनोरा जनपद पंचायत में पदस्थ प्रभारी एसडीओ आरईएस (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक शिकायतकर्ता से सरकारी कार्य के सत्यापन और बिल भुगतान के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कपरोले (हड़िकौना), जिला जशपुर निवासी प्रीतम राम यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह ग्राम पंचायत कपरोले के पूर्व उप सरपंच हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत कपरोले, तहसील मनोरा, जिला जशपुर में रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2022-23 में कराए गए गैबियन संरचना कार्य के मूल्यांकन रिपोर्ट के सत्यापन और बिल भुगतान के लिए प्रभारी एसडीओ आरईएस जनपद पंचायत मनोरा द्वारा 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद बातचीत में आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि घटाकर 25 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।

ACB ने शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रैप की योजना बनाई। निर्धारित योजना के अनुसार 17 जून 2026 को टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रभारी एसडीओ आरईएस संजय कुमार दिवाकर को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!