Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक दिन में 136 वाहन चालकों पर चालान, मॉडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग और शराबी चालकों पर सख्ती

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 01 अगस्त 2026। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 136 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों, नाबालिग वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने जांजगीर मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बुलेट चालकों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दो बुलेट वाहनों को पकड़ा गया। दोनों वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत 5-5 हजार रुपये का चालान किया गया। साथ ही वाहनों से अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कराई गई।

पुलिस ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण का बड़ा कारण बनती है, जिससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी होती है। यह मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन भी है।

नाबालिग वाहन चालकों पर भी सख्ती

विशेष जांच अभियान के दौरान तीन नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए। पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और भविष्य में नाबालिगों को वाहन नहीं देने की सख्त समझाइश दी। प्रत्येक मामले में 2-2 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त

चेकिंग के दौरान दो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर जुर्माना

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए एक चालक को पकड़ा गया। उसके विरुद्ध 1,000 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें, नाबालिगों को वाहन न दें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!