
गणतंत्र दिवस पर जांजगीर हाई स्कूल मैदान में पुलिस विभाग की आकर्षक जनजागरूकता झांकी
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा | 22 जनवरी 2026। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले भव्य ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष पुलिस विभाग द्वारा जनजागरूकता पर आधारित विशेष और आकर्षक झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तैयार की जा रही इस झांकी के माध्यम से पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी योजनाओं को प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। झांकी का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना है।
झांकी में महिला कमांडो की भूमिका, सड़क सुरक्षा मितान अभियान, नशा मुक्ति अभियान, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा ऑपरेशन उपहार के अंतर्गत हेलमेट वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया जाएगा। इसके जरिए नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, नशे से दूर रहने और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जो आयोजन को और अधिक उल्लासपूर्ण व प्रेरणादायक बनाएंगी।
पुलिस विभाग की यह जनजागरूकता झांकी न केवल कानून व्यवस्था के प्रति जनविश्वास को सुदृढ़ करेगी, बल्कि समाज में सुरक्षा, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का मजबूत संदेश भी देगी।