Advertisment
Advertisment
अपराध

CGMSC घोटाला: डायसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा गिरफ्तार

NTN REPORT// रायपुर,22 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) से जुड़े बहुचर्चित घोटाला प्रकरण में ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डायसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड,नवी मुंबई के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत की गई है।

किन धाराओं में दर्ज है मामला

ब्यूरो द्वारा दर्ज प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 467, 468, 471, 120(बी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(घ), 13(2), 7(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

21 जनवरी को हुई गिरफ्तारी

लगातार विवेचना के दौरान ब्यूरो ने डायसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, नवी मुंबई के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा को 21 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया।

कैसे हुआ घोटाला

विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि मेडिकल उपकरणों के रीजेंट्स एवं कंज्यूमेबल्स की आपूर्ति के लिए डायसिस कंपनी द्वारा एक निश्चित एमआरपी तय की गई थी। आरोपी कुंजल शर्मा ने मोहित कॉर्पोरेशन को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कंपनी की नीतियों की अनदेखी की और शासकीय अधिकारी शशांक चौपड़ा के साथ मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत रीजेंट्स व कंज्यूमेबल्स की तय एमआरपी से कहीं अधिक दरें और शर्तें CGMSC को अवैध रूप से भेजीं। इसके परिणामस्वरूप निविदा प्रक्रिया के दौरान CGMSC ने मोहित कॉर्पोरेशन द्वारा तय मनमाने दरों को मान्य कर लिया।

तीन गुना तक अधिक कीमत पर आपूर्ति

जांच में यह भी सामने आया कि मोहित कॉर्पोरेशन द्वारा CGMSC को वास्तविक एमआरपी से तीन गुना तक अधिक कीमत पर रीजेंट्स एवं कंज्यूमेबल्स की आपूर्ति की गई। इस प्रक्रिया में शासकीय राशि का दुरुपयोग करते हुए मोहित कॉर्पोरेशन को अनुचित भुगतान कराया गया।

कोर्ट में पेशी, पुलिस रिमांड

गिरफ्तार आरोपी कुंजल शर्मा को 22 जनवरी 2026 को विशेष न्यायालय (एसीबी), रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 27 जनवरी 2026 तक पुलिस रिमांड स्वीकृत की गई है।

हमर लैब योजना की भी जांच जारी

जनहित से जुड़ी “हमर लैब” योजना में शासकीय राशि के दुरुपयोग से संबंधित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय कर आगे भी संबंधितों के खिलाफ कठोर विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की बात ब्यूरो ने कही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!