Advertisment
व्यापार जगत

Apple ने रोके 18 हजार करोड़ रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन, 1.1 अरब फर्जी अकाउंट बनाने की कोशिश भी हुई ब्लॉक

NTN REPORT// दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने बड़ा दावा करते हुए बताया है कि उसने बीते एक साल में ऐप स्टोर पर होने वाले करोड़ों रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन को रोककर लाखों यूजर्स की मेहनत की कमाई को सुरक्षित बचाया है। कंपनी के मुताबिक, उसने साल 2025 के दौरान ऐप स्टोर पर 2.22 बिलियन डॉलर यानी करीब 18 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी को ब्लॉक किया है।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

कंपनी ने यह जानकारी अपने आधिकारिक एप्पल डॉट कॉम पर साझा की है। Apple के अनुसार, पिछले छह वर्षों में ऐप स्टोर ने कुल 11.2 बिलियन डॉलर से ज्यादा के फ्रॉड ट्रांजैक्शन को रोकने में सफलता हासिल की है।

हर सप्ताह 85 करोड़ से ज्यादा लोग करते हैं ऐप स्टोर विजिट

Apple ने बताया कि उसके ऐप स्टोर पर दुनिया के 175 देशों से हर सप्ताह करीब 85 करोड़ से ज्यादा विजिटर्स आते हैं। इतनी बड़ी संख्या में यूजर्स की सुरक्षा बनाए रखने के लिए कंपनी एडवांस मशीन लर्निंग सिस्टम, इंसानी रिव्यू टीम और AI बेस्ड सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करती है।

कंपनी का कहना है कि इन तकनीकों की मदद से स्कैम, खतरनाक ऐप्स, फर्जी रिव्यू, स्पैम गतिविधियों और पेमेंट फ्रॉड को तेजी से पकड़ा जाता है और समय रहते ब्लॉक कर दिया जाता है।

91 लाख ऐप सबमिशन की जांच, 20 लाख से ज्यादा रिजेक्ट

Apple ने खुलासा किया कि उसकी ऐप रिव्यू टीम ने साल 2025 में 91 लाख से ज्यादा ऐप सबमिशन की जांच की। इस दौरान करीब 3 लाख नए डेवलपर्स को ऑनबोर्ड भी किया गया।

हालांकि, ऐप स्टोर गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने पर कंपनी ने 20 लाख से ज्यादा ऐप सबमिशन रिजेक्ट कर दिए। इनमें करीब 12 लाख नए ऐप्स और 8 लाख ऐप अपडेट शामिल थे।

AI की मदद से पकड़े जा रहे खतरनाक ऐप्स

कंपनी ने बताया कि उसकी रिव्यू टीम में इंसानों के साथ AI आधारित सिस्टम भी काम करता है। यह सिस्टम तेजी से संदिग्ध और खतरनाक ऐप्स की पहचान करता है और उन्हें प्लेटफॉर्म से हटाने में मदद करता है।

Apple के मुताबिक, 59 हजार से ज्यादा ऐसे ऐप्स को हटाया जा चुका है जिन्हें शुरुआत में सामान्य गेम या यूटिलिटी ऐप के रूप में मंजूरी मिली थी, लेकिन बाद में उन्हें फ्रॉड प्लेटफॉर्म में बदल दिया गया।

1.1 अरब फर्जी अकाउंट बनाने की कोशिश हुई नाकाम

रिपोर्ट में बताया गया है कि कई साइबर ठग बॉट नेटवर्क और फर्जी अकाउंट की मदद से ऐप रैंकिंग में हेरफेर करने, स्पैम फैलाने और नकली रिव्यू पोस्ट करने की कोशिश करते हैं।

Apple ने दावा किया कि उसने साल 2025 में 1.1 बिलियन यानी करीब 110 करोड़ फर्जी अकाउंट बनाने की कोशिशों को ब्लॉक किया है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती

कंपनी ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी सख्त कदम उठाने की जानकारी दी है। Apple के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर Kids कैटेगरी के 5 हजार से ज्यादा ऐप्स को रिजेक्ट किया गया।

कंपनी ने बताया कि स्क्रीन टाइम और “Ask to Buy” जैसे पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स की मदद से माता-पिता बच्चों की ऐप एक्टिविटी और ऑनलाइन शॉपिंग पर नजर रख सकते हैं।

डिजिटल फ्रॉड के खिलाफ लगातार सख्त हो रही टेक कंपनियां

ऑनलाइन पेमेंट और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर फ्रॉड के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में बड़ी टेक कंपनियां अब AI और मशीन लर्निंग आधारित सिक्योरिटी सिस्टम पर ज्यादा जोर दे रही हैं ताकि यूजर्स को सुरक्षित डिजिटल अनुभव मिल सके।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!