Advertisment
Advertisment
छत्तीसगढ़

डाकघरों में आधार एनरोलमेंट और अपडेट की सुविधा, आम नागरिकों से लाभ उठाने की अपील

NTN REPORT// बिलासपुर, 27 मई 2026। भारतीय डाक विभाग, बिलासपुर संभाग द्वारा आम नागरिकों को आधार एनरोलमेंट एवं आधार अपडेट संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग ने जानकारी दी है कि बिलासपुर जिले सहित आसपास के कई डाकघरों और उपडाकघरों में यह सुविधा नियमित रूप से संचालित की जा रही है, जिससे नागरिक आसानी से नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं और पुराने आधार में आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।

प्रतीकात्मक AI तस्वीर

डाक विभाग के अनुसार बिलासपुर आर.एम.एस., उपडाकघर बिल्हा, कोनी, एसईसीएल, रतनपुर, तखतपुर, लोसमी, करगीरोड, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के उपडाकघर पेंड्रा एवं पेंड्रा रोड, मुंगेली जिले के उपडाकघर मुंगेली, जांजगीर जिले के प्रधान डाकघर जांजगीर, उपडाकघर मालखरौदा, अकलतरा तथा सक्ती जिले के उपडाकघर सक्ती, डभरा और चंद्रपुर में सोमवार से शनिवार तक सुबह 10:00 बजे से आधार एनरोलमेंट एवं अपडेट संबंधी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

इसके अलावा प्रधान डाकघर बिलासपुर में यह सुविधा विशेष रूप से सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।

डाक विभाग ने बताया कि नागरिक नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पुराने आधार कार्ड में पता, मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, बायोमेट्रिक अपडेट और ईमेल अपडेट जैसे कार्य भी करवा सकते हैं।

विभाग ने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की है कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से करवाएं। इसके लिए भी डाकघरों में सुविधा उपलब्ध है।

प्रवर अधीक्षक डाकघर, बिलासपुर संभाग ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि भारतीय डाक विभाग द्वारा डाकघरों के माध्यम से दी जा रही आधार अपडेट एवं एनरोलमेंट सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!