Advertisment
विदेश

होर्मुज स्ट्रेट तनाव के बीच ईरान का भारत को भरोसा, कहा- समुद्री व्यापार की सुरक्षा जारी रहेगी!

भारतीय जहाज पर हमले के बाद बढ़ी चिंता

NTN REPORT// मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत देने वाली खबर सामने आई है. होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ती अस्थिरता और भारतीय जहाज पर हालिया हमले के बाद ईरान ने भारत को भरोसा दिलाया है कि वह समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करता रहेगा।

फाइल फोटो

नई दिल्ली में आयोजित BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आराघची ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति और समुद्री व्यापार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.

ईरान बोला- होर्मुज की सुरक्षा हमारी ऐतिहासिक जिम्मेदारी

बैठक के बाद अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ईरान हमेशा होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा का संरक्षक बना रहेगा. उन्होंने कहा कि ईरान अपने मित्र देशों के लिए एक भरोसेमंद साझेदार है और समुद्री व्यापार को सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.

अराघची ने कहा कि वर्तमान हालात काफी जटिल हैं, लेकिन इसके बावजूद ईरान जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को ईरानी सेना के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ना होगा क्योंकि इलाके में बारूदी सुरंगों और अन्य सुरक्षा खतरों की आशंका बनी हुई है.

भारतीय जहाज पर हमले के बाद अलर्ट

हाल ही में ओमान के पास भारतीय झंडे वाले एक जहाज पर हमला हुआ था, जिसके बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी. भारत ने इस हमले को “अस्वीकार्य” करार देते हुए नागरिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कड़ी आलोचना की थी.

सूत्रों के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले करीब 13 भारतीय जहाज फिलहाल सुरक्षित मार्ग मिलने का इंतजार कर रहे हैं. ईरान ने दावा किया है कि वह पहले भी कई भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिखा चुका है और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा.

ईरान और ओमान मिलकर करेंगे सुरक्षा पर काम

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान और ओमान भविष्य में समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद नहीं है और सभी देशों के जहाज वहां से गुजर सकते हैं.

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जो देश ईरान के खिलाफ युद्ध या सैन्य गतिविधियों में शामिल हैं, उनके जहाजों की अतिरिक्त जांच की जाएगी.

अमेरिका और इजरायल पर ईरान का हमला

अराघची ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका और इजरायल पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि जब बातचीत चल रही थी, उसी दौरान अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया, जिससे भरोसे का माहौल कमजोर हुआ है.

उन्होंने कहा, “हम बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए दूसरी तरफ से गंभीरता और ईमानदारी जरूरी है.”

भारत के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक माना जाता है. भारत समेत कई देशों के तेल और गैस आयात का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है. ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर बड़ा असर डाल सकता है.

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!