Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत में जांजगीर-चाम्पा के अमर सुल्तानिया की सक्रिय भूमिका

रणनीतिक जिम्मेदारी ने दिया चुनावी मैदान में बड़ा अनुभव, बूथ मैनेजमेंट बना जीत का आधार

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चाम्पा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राज्य की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया। 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया और पहली बार बंगाल की सत्ता में कमल खिलाने में सफलता पाई। भाजपा की इस बड़ी जीत के पीछे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की रणनीतिक मेहनत और संगठन की मजबूत पकड़ को अहम माना जा रहा है।इस चुनावी महासमर में जांजगीर-चाम्पा जिले के भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमर सुल्तानिया की सक्रिय भूमिका भी चर्चा में रही। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने क्रेड़ा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की दक्षिण विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मौमिता बिस्वास मिश्रा के समर्थन में चुनाव प्रचार की कमान संभाली। स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति तैयार की गई, जिसका परिणाम यह रहा कि भाजपा प्रत्याशी मौमिता बिस्वास मिश्रा ने करीब 30 हजार मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

बूथ स्तर की रणनीति बनी जीत की सबसे बड़ी ताकत

पत्रकारों से चर्चा करते हुए अमर सुल्तानिया ने बताया कि भाजपा की जीत का सबसे बड़ा आधार बूथ स्तर पर तैयार की गई सूक्ष्म रणनीति रही। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां पहले से तय कर दी गई थीं। मतदाता सूची का गहन अध्ययन, घर-घर संपर्क अभियान और मतदान दिवस की माइक्रो प्लानिंग ने चुनाव परिणामों में निर्णायक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि बूथ प्रभारी से लेकर पन्ना प्रमुख तक की सक्रियता ने अंतिम समय तक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में बनाए रखा। कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क कर मतदाताओं तक सरकार की नीतियों और पार्टी के विजन को पहुंचाया।

मोदी, शाह और संगठन की रणनीति ने बदला चुनावी माहौल

अमर सुल्तानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय नेतृत्व की आक्रामक रणनीति तथा जनसंवाद ने पूरे चुनावी माहौल को भाजपा के पक्ष में मोड़ दिया। वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के नेतृत्व में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया गया, जिससे बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ी।

उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को लगातार मार्गदर्शन और समन्वय मिलता रहा, जिसके कारण भाजपा का प्रचार अभियान संगठित और प्रभावी बना।

दिग्गज नेताओं की रैलियों से मिला चुनावी अभियान को बल

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के कई बड़े नेताओं की सभाओं और रैलियों ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सांसद मनोज तिवारी की जनसभाओं ने चुनावी माहौल को भाजपा के पक्ष में मजबूत किया।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मौजूदगी ने भी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

पवन साय को मिली 56 सीटों की जिम्मेदारी, 51 पर भाजपा की जीत

भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को पश्चिम बंगाल की 56 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी थी। इनमें से 51 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की। इसे मजबूत बूथ मैनेजमेंट और प्रभावी रणनीतिक समन्वय का परिणाम माना जा रहा है।

इन सीटों पर चुनाव संचालन के लिए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत तथा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। दोनों टीमों ने समन्वित तरीके से काम करते हुए संगठन की पकड़ को मजबूत किया।

वर्धमान जिले की 14 सीटों पर छत्तीसगढ़ के नेताओं ने संभाला मोर्चा

वर्धमान जिले की 14 विधानसभा सीटों पर छत्तीसगढ़ से पहुंचे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार किया। इस अभियान में बिलासपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, विक्रांत सिंह, निरंजन सिन्हा, बाबूलाल अग्रवाल, कृष्णकांत चंद्रा, श्याम कृष्णा जायसवाल, जितेंद्र खांडे, महेंद्र चोपड़ा, संकल्प अग्रवाल, मोनू चौधरी और प्रदीप केंवट सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह संगठित प्रयास ही बंगाल में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के खिलाफ जनमत तैयार करने में सफल रहा और राज्य में सुशासन की नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हुआ।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!