
सिमगा के पास जिला पंचायत अध्यक्ष की कार का भयानक हादसा, बाल-बाल बचीं इंजी. सत्यलता मिरी
रायपुर से जांजगीर लौटते समय नेशनल हाईवे पर अचानक सामने आई गाय, कार से हुई जोरदार टक्कर; किसी के हताहत होने की खबर नहीं
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा/सिमगा। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी की कार मंगलवार सुबह रायपुर से जांजगीर लौटते समय सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा करीब सुबह 11:45 बजे हुआ। अचानक सड़क पर दौड़ती हुई गाय के आ जाने से यह दुर्घटना हुई।

बताया जा रहा है कि इंजी. सत्यलता मिरी रायपुर से जांजगीर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर अचानक एक गाय सड़क के दूसरी ओर जाने के लिए दौड़ती हुई सामने आ गई। वाहन चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति से सामने आई गाय से कार की टक्कर हो गई।
जोरदार टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
अचानक हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इंजी. सत्यलता मिरी को मामूली चोट आने की जानकारी है।
हादसे के दौरान गाय भी सड़क पर गिर गई थी। कुछ देर बाद गाय उठकर चल पड़ी, जिससे उसके भी सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बचीं जिला पंचायत अध्यक्ष
नेशनल हाईवे पर अचानक सामने आई गाय के कारण हुए इस हादसे में बड़ा नुकसान होने की आशंका थी, लेकिन समय रहते स्थिति संभल गई। इंजी. सत्यलता मिरी और वाहन में मौजूद अन्य लोगों के सुरक्षित होने से परिजनों एवं समर्थकों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के कारणों और वाहन को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।