
जांजगीर में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान: 150 बाहरी मजदूरों की जांच, 130 संदिग्धों से पूछताछ कर लिए गए फिंगरप्रिंट
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 06 अगस्त। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को व्यापक सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत दूसरे राज्यों से आए मजदूरों सहित विभिन्न स्थानों पर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में थाना कोतवाली क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे स्टेशन परिसर तथा ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों के करीब 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया और रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत दूसरे राज्यों से आए लगभग 150 मजदूरों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर आवश्यक जानकारी दर्ज की।
इसके अलावा ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई एवं धनवा में किराए के मकानों में रह रहे पश्चिम बंगाल से आए मजदूरों सहित 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया। यहां प्रत्येक व्यक्ति से अलग-अलग पूछताछ की गई, उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में संचालित किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं। इससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।