खान सर के खिलाफ FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे रौशन आनंद, बोले- ‘FIR दर्ज करो या मुझे मार दो’; सुरक्षा को लेकर परिवार ने जताई चिंता
NTN REPORT// पटना। कदमकुआं थाना क्षेत्र में ज्ञान बिंदु संस्थान के निदेशक रौशन आनंद और खान सर (फैजल खान) से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। रौशन आनंद ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कदमकुआं थाना में आवेदन दिया है। उनका आरोप है कि शिकायत देने के कई घंटे बाद भी पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।

रौशन आनंद ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आवेदन दिए हुए करीब 5 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुझे मार दो या खान सर के खिलाफ FIR दर्ज करो। जब तक FIR नहीं होगी, मैं यहीं रहूंगा।”
रौशन आनंद ने कहा कि जब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह थाना परिसर के बाहर धरना जारी रखेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र भी उनके समर्थन में कदमकुआं थाना पहुंचे और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
छात्रों ने पुलिस से की तत्काल कार्रवाई की मांग
रौशन आनंद के समर्थन में पहुंचे छात्रों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी की जा रही है। छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द एफआईआर दर्ज की जाए।
भाई की संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने जताई सुरक्षा की चिंता
इधर, रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने रौशन आनंद की सुरक्षा को लेकर सरकार से मदद की मांग की है।
रौशन आनंद के चाचा मनोज यादव ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत के बाद परिवार के लिए रौशन आनंद ही बड़ा सहारा हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ विरोधी तत्व उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
मनोज यादव का कहना है कि परिवार पहले भी सुरक्षा की मांग कर चुका है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जमानत के बाद पटना से सहरसा तक के सफर के दौरान भी उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली, जिससे परिवार में लगातार डर का माहौल बना रहा।
प्रिंस यादव की मौत की CBI जांच की मांग
परिजनों ने प्रिंस यादव की मौत की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग दोहराई है। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। परिजनों ने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि जांच के जरिए पूरी सच्चाई सामने आने और न्याय मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल रौशन आनंद की शिकायत, खान सर के खिलाफ एफआईआर की मांग और सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के कारण यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।