
NTN REPORT// रायपुर, 8 जून 2026। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में सोमवार को बहुप्रतीक्षित फिल्म की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिजनों के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया , जनप्रतिनिधि, कलाकार, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में कंगना रनौत का किया स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की गई है। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में कंगना रनौत का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि उनका प्रदेश आगमन सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
26/11 के अनसुने स्वास्थ्य योद्धाओं को समर्पित है फिल्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म उन अनसुने और अनदेखे नायकों को समर्पित है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में असाधारण साहस और सेवा का परिचय दिया, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल सकी जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2008 को हुए मुम्बई अटैक्स के दौरान पाकिस्तानी आतंकवादियों ने मुंबई में अंधाधुंध गोलीबारी कर कई निर्दोष लोगों की जान ले ली थी। उस भयावह समय में अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना घायलों की सेवा की और सैकड़ों लोगों की जान बचाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में ऐसे अनेक योद्धा होते हैं जिनकी कहानियां सामने नहीं आ पातीं। यह फिल्म उन्हीं स्वास्थ्यकर्मियों के साहस, समर्पण और मानवता की भावना को देश के सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
छत्तीसगढ़ के बेटे ने लिखी प्रेरणादायक कहानी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया की सराहना करते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ की माटी के पुत्र हैं। उन्होंने यहीं जन्म लिया, यहीं शिक्षा प्राप्त की और बाद में मुंबई में रहते हुए इस महत्वपूर्ण विषय पर आधारित फिल्म की कहानी लिखी। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया फिल्म का नाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह भी अत्यंत गौरव की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रदान किया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम, कलाकारों और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए फिल्म की सफलता की कामना की।
कंगना रनौत ने जताया आभार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की स्क्रीनिंग उनके गृहप्रदेश में आयोजित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद आयोजन में शामिल होकर पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया है।
कंगना ने कहा कि इस फिल्म का उद्देश्य उन स्वास्थ्यकर्मियों के साहस और सेवा भावना को सम्मान देना है, जिन्होंने संकट की घड़ी में मानवता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मियों को ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ सम्मान से सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन तथा विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहीं।
कई जनप्रतिनिधि और कलाकार रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रूप कुमारी चौधरी सांसद , लक्ष्मी वर्मा सांसद , मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सेवा और मानवता को समर्पित एक प्रेरक फिल्म
‘भारत भाग्य विधाता’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उन स्वास्थ्यकर्मियों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने 26/11 जैसे कठिन दौर में मानवता की मिसाल पेश की। फिल्म सेवा, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की उन कहानियों को सामने लाने का प्रयास है, जो वर्षों तक पर्दे के पीछे रह गईं।