Advertisment
राज्य/शहर

ट्विशा शर्मा मौत मामला: AIIMS दिल्ली की टीम ने किया दूसरा पोस्टमार्टम, 12 दिन बाद भोपाल में हुआ अंतिम संस्कार

NTN REPORT// भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स की 4 सदस्यीय मेडिकल टीम ने ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम पूरा किया, जिसके बाद रविवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया. 12 मई को हुई इस संदिग्ध मौत के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

फाइल फोटो

हाईकोर्ट के आदेश पर हुआ दूसरा पोस्टमार्टम

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ मेडिकल टीम शनिवार रात भोपाल पहुंची थी. रविवार सुबह एम्स भोपाल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई. करीब 3:40 बजे जांच पूरी होने के बाद ट्विशा का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया.

इसके बाद शव को भोपाल के भदभदा विश्राम घाट ले जाया गया, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया. ट्विशा की मौत के 12 दिन बाद हुए अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. परिवार के सदस्य और करीबी लगातार रोते-बिलखते नजर आए.

मोर्चरी के बाहर भावुक माहौल

पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान मोर्चरी के बाहर पूरे दिन भारी भीड़ जमा रही. परिजन मेडिकल और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार करते रहे. परिवार ने पहले ही तय कर लिया था कि दूसरा पोस्टमार्टम पूरा होते ही रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा.

अंतिम संस्कार से पहले ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने भावुक अपील करते हुए भोपाल के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं से अंतिम यात्रा में शामिल होने की बात कही. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कई सपनों के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की थी, लेकिन उसे समय से पहले खो दिया गया. उन्होंने इस घटना को केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा आघात बताया.

ससुराल पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम

दूसरे पोस्टमार्टम के साथ-साथ जांच एजेंसियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. पुलिस टीम सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंची, जहां एम्स दिल्ली के डॉक्टर भी मौजूद रहे. टीम ने उस जगह का स्पॉट वेरिफिकेशन किया, जहां कथित तौर पर आत्महत्या की घटना हुई थी.

जांच के दौरान फोरेंसिक पहलुओं, कमरे की स्थिति और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की गई.

पहले पोस्टमार्टम पर उठे थे सवाल

ट्विशा शर्मा के परिवार ने पहले पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे. परिजनों का आरोप था कि शुरुआती पोस्टमार्टम में कई महत्वपूर्ण पहलुओं की सही तरीके से जांच नहीं की गई.

परिवार ने दावा किया था कि शरीर पर मौजूद चोटों के निशान, गर्दन से जुड़े फोरेंसिक पहलू और अन्य अहम बिंदुओं की विस्तृत जांच जरूरी थी. इसी को लेकर हाईकोर्ट में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार किया.

12 मई को ससुराल में मिली थी ट्विशा की लाश

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं. घटना के बाद परिवार ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए.

वहीं ससुराल पक्ष की ओर से दावा किया गया कि ट्विशा नशे की लत से परेशान थीं. मामले की जांच कर रही पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है. पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है.

फिलहाल दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसे इस पूरे मामले में बेहद अहम माना जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!