जुलाई-अगस्त 2026 में शनि का बड़ा नक्षत्र परिवर्तन, कर्क, कन्या और कुंभ राशि के लिए खुल सकते हैं तरक्की के रास्ते!
NTN REPORT// ज्योतिष शास्त्र में न्याय और कर्म के देवता माने जाने वाले शनि देव जुलाई 2026 में एक महत्वपूर्ण नक्षत्र परिवर्तन करने जा रहे हैं. वैदिक ज्योतिष के अनुसार शनि का यह गोचर कई राशियों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है. खास बात यह है कि शनि देव रेवती नक्षत्र के दूसरे पद में प्रवेश करेंगे, जिसका स्वामी बुध ग्रह है. बुध और शनि के बीच मित्रता का संबंध होने के कारण इस गोचर को विशेष फलदायी माना जा रहा है।

2 जुलाई 2026 से बदलेगी शनि की चाल
ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार वर्तमान में शनि देव मीन राशि में स्थित हैं और रेवती नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं. 2 जुलाई 2026, गुरुवार को सुबह 08:22 बजे शनि रेवती नक्षत्र के दूसरे चरण में प्रवेश करेंगे. शनि की यह स्थिति 20 अगस्त 2026 तक बनी रहेगी. इसके बाद शनि पुनः रेवती नक्षत्र के पहले पद में लौट जाएंगे.
इस गोचर काल के दौरान 27 जुलाई 2026 को शनि वक्री भी होंगे, जिससे इसका प्रभाव और अधिक गहरा माना जा रहा है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह समय कई लोगों के जीवन में आर्थिक, करियर और पारिवारिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकता है.
रेवती नक्षत्र में शनि का महत्व
रेवती नक्षत्र के अनुसार रेवती नक्षत्र को शुभ और संवेदनशील नक्षत्र माना जाता है. इसका स्वामी बुध ग्रह है, जो बुद्धिमत्ता, संचार, व्यापार और तकनीक का कारक माना जाता है. शनि जब बुध के नक्षत्र में गोचर करते हैं तो मेहनत, अनुशासन और व्यावहारिक सोच का प्रभाव बढ़ जाता है.
विशेष रूप से नौकरी, कारोबार, निवेश, ऑनलाइन कार्य और नई योजनाओं से जुड़े लोगों को इस दौरान सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना बताई जा रही है.
कर्क राशि के लिए बढ़ सकते हैं आय के स्रोत
कर्क राशि के जातकों के लिए शनि का यह गोचर नवम भाव में होने जा रहा है, जिसे भाग्य और धर्म का भाव माना जाता है. शनि की दृष्टि लाभ, पराक्रम और छठे भाव पर पड़ेगी, जिससे कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं.
इस अवधि में आय के नए स्रोत खुल सकते हैं. लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना रहेगी. निवेश से लाभ मिल सकता है और नौकरी या व्यापार में नई उपलब्धियां हासिल हो सकती हैं. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों को भी सफलता मिलने के संकेत हैं.
कन्या राशि वालों को करियर में मिल सकते हैं बड़े अवसर
कन्या राशि के जातकों के लिए यह गोचर बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं और रेवती नक्षत्र भी बुध के अधीन आता है. शनि इस दौरान सप्तम भाव में गोचर करेंगे, जहां उन्हें दिग्बल प्राप्त होता है.
नौकरीपेशा लोगों को करियर में नए अवसर मिल सकते हैं. प्रमोशन या नई जिम्मेदारियां मिलने के योग बन रहे हैं. सोशल मीडिया, इंटरनेट, डिजिटल मार्केटिंग, कम्युनिकेशन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है. साझेदारी वाले कार्यों में भी सफलता मिल सकती है.
कुंभ राशि के लिए संपत्ति और धन लाभ के योग
कुम्भ राशि के जातकों के लिए शनि धन भाव में रहेंगे. इस दौरान शनि की दृष्टि सुख, आठवें और लाभ भाव पर पड़ेगी. साथ ही गुरु बृहस्पति की दृष्टि शनि पर होने से कई नकारात्मक प्रभाव कम हो सकते हैं.
इस समय वाहन, मकान या नई प्रॉपर्टी खरीदने के योग बन सकते हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा. लंबे समय से चल रही आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सकती है. बैंक लोन या वित्तीय सहायता मिलने की संभावना भी प्रबल रहेगी.
शनि के वक्री होने से बढ़ेगा प्रभाव
27 जुलाई 2026 को शनि के वक्री होने से इस गोचर का असर और अधिक प्रभावशाली माना जा रहा है. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार वक्री शनि व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार परिणाम देते हैं. ऐसे में मेहनत, अनुशासन और धैर्य बनाए रखने वालों को इस दौरान अच्छे परिणाम मिल सकते हैं.
क्या कहते हैं ज्योतिषाचार्य
ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार शनि का यह नक्षत्र परिवर्तन विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है जो लंबे समय से करियर, धन या संपत्ति से जुड़े मामलों में संघर्ष कर रहे हैं. हालांकि व्यक्तिगत कुंडली की स्थिति के अनुसार फल अलग-अलग हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर
यह समाचार ज्योतिषीय गणनाओं, विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है. ज्योतिष शास्त्र संभावनाओं और मान्यताओं पर आधारित विषय है, इसलिए किसी भी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.