
जांजगीर-चांपा में चौहरे हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में पिता-पुत्र गिरफ्तार
NTN REPORT// जांजगीर 14.05.26। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चाम्पा जिले के थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। जमीन विवाद में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
गांव में चार हत्याओं से फैली सनसनी
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 की सुबह सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तकनीकी जांच और पूछताछ से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

आरोपी पहले भी कर चुका है हत्या
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। वह करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा होकर वापस गांव आया था।
जेल से लौटने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद होता रहता था। मृतक की शिकायत पर पूर्व में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी।
पुलिस कर रही आगे की वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या में प्रयुक्त हथियार, अन्य साक्ष्य और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
