CBI के नए डायरेक्टर की नियुक्ति पर मंथन, राहुल गांधी ने जताई असहमति
पीएम आवास पर हुई हाईलेवल सेलेक्शन कमेटी की बैठक
NTN REPORT// सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी CBI के नए डायरेक्टर की नियुक्ति को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ पर अहम बैठक आयोजित की गई। इस हाईलेवल सेलेक्शन कमेटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकान्त और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल रहे।

बैठक में नए CBI डायरेक्टर के चयन को लेकर कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया पर उठाए सवाल
सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया पर अपनी असहमति जताई। बैठक समाप्त होने के बाद उन्होंने अपना “नोट ऑफ डिसेंट” (Note of Dissent) भी सौंपा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने CBI निदेशक चयन प्रक्रिया पर अपनी असहमति प्रधानमंत्री को लिखित रूप में दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है और विपक्ष के नेता की भूमिका केवल औपचारिकता बनाकर नहीं रखी जा सकती।
राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा बनकर अपने संवैधानिक दायित्व का उल्लंघन नहीं कर सकते।
25 मई को खत्म हो रहा प्रवीण सूद का कार्यकाल
वर्तमान CBI डायरेक्टर प्रवीण सूद का कार्यकाल 25 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 में उनके कार्यकाल में एक साल का विस्तार दिया था। अब नए निदेशक की नियुक्ति को लेकर सरकार और चयन समिति के स्तर पर मंथन तेज हो गया है।
CBI डायरेक्टर की रेस में ये बड़े नाम शामिल
शत्रुजीत सिंह कपूर सबसे आगे
हरियाणा कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत सिंह को CBI डायरेक्टर की रेस में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वह हरियाणा के डीजीपी रह चुके हैं और वर्तमान में ITBP के डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं।
RAW प्रमुख पराग जैन का नाम भी चर्चा में
1989 बैच के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी पराग जैन का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। वह वर्तमान में भारत की खुफिया एजेंसी RAW के प्रमुख हैं।
मध्य प्रदेश कैडर के अजय कुमार शर्मा भी दावेदार
मध्य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार शर्मा भी CBI डायरेक्टर पद की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वह मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन हैं।
इससे पहले वह आर्थिक अपराध शाखा EOW के डीजी और इंदौर जोन के एडीजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सदानंद दाते भी प्रमुख दावेदार
महाराष्ट्र के वर्तमान डीजीपी सदानंद दाते का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी दाते इससे पहले NIA के प्रमुख रह चुके हैं।
26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान उनके कार्यों की व्यापक सराहना हुई थी, जिसके बाद उनकी पहचान एक सख्त और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में बनी।
जल्द हो सकता है नए CBI डायरेक्टर के नाम का ऐलान
सूत्रों के अनुसार चयन समिति जल्द ही नए CBI निदेशक के नाम पर अंतिम निर्णय ले सकती है। देश की सबसे प्रमुख जांच एजेंसी के नए प्रमुख को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।