
NTN REPORT// छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर एक मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले प्रार्थी से 40 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
पहले ही ले चुका था रिश्वत की पहली किश्त
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर जिला सक्ती निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी।
प्रार्थी का आरोप था कि मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के लिए थाना चंद्रपुर में पदस्थ एएसआई एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एएसआई एस.एन. मिश्रा प्रार्थी से पहले ही 20 हजार रुपये की पहली किश्त ले चुका था और शेष 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
गुड्डू ढाबा में बिछाया गया ट्रैप, दूसरी किश्त लेते ही दबोचा
शिकायत सत्यापित होने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी एएसआई को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में शेष राशि लेने के लिए बुलाया।
जैसे ही आरोपी एस.एन. मिश्रा ने प्रार्थी से 20 हजार रुपये की दूसरी किश्त ली, वहां पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
आरोपी के खिलाफ पहले से मिल रही थीं शिकायतें
एसीबी सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी करने की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से मिल रही थीं। इसी आधार पर एसीबी लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
फिलहाल आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत मांगने पर तत्काल सूचना देने की अपील
एसीबी बिलासपुर ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न विभागों के भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी विभाग का कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।