बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार, शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
तमिलनाडु में विजय की सरकार पर सस्पेंस बरकरार, दो सहयोगी दलों के समर्थन पत्र का इंतजार
NTN REPORT// कोलकाता/चेन्नई/गुवाहाटी। विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद देश के कई राज्यों में नई सरकारों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है, जबकि तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय की सरकार गठन प्रक्रिया अभी भी अधर में अटकी हुई है। वहीं असम में भी शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कोलकाता में राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने विधायकों के समर्थन पत्र सौंपते हुए नई सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।
बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं उनके नाम की घोषणा की, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी के साथ दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। इससे राज्य में नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
तमिलनाडु में विजय की सरकार पर संशय
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। TVK प्रमुख विजय को शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनी थी, लेकिन राज्यपाल की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल को अभी दो सहयोगी दलों के समर्थन पत्र का इंतजार है। जानकारी के मुताबिक VCK और IUML की ओर से विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र अभी तक राजभवन को नहीं मिला है।
बताया जा रहा है कि VCK ने समर्थन के बदले उपमुख्यमंत्री पद की मांग रखी है, जबकि IUML ने एमके स्टालिन के साथ होने की बात कही है। विजय ने राज्यपाल को 116 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा था और भरोसा दिलाया था कि बाकी समर्थन पत्र भी जल्द उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
इस समर्थन में TVK के 107, कांग्रेस के 5 और CPI-CPM के 4 विधायकों के हस्ताक्षर शामिल बताए गए हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में TVK को कुल 108 सीटें मिली थीं, लेकिन विजय दो सीटों से चुनाव लड़े थे। ऐसे में एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के विधायकों की संख्या 107 मानी जा रही है।
इससे पहले शुक्रवार देर शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया था। राजभवन में हुई मुलाकात के बाद विजय ने सरकार गठन की जिम्मेदारी स्वीकार की।
राजनीति में विजय की नई पारी
फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने तमिलनाडु की राजनीति में नई ऊर्जा पैदा की है। उनकी पार्टी TVK को युवाओं, महिलाओं और आम जनता का व्यापक समर्थन मिला है। पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद पार्टी के शानदार प्रदर्शन ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है।
चुनावी सभाओं में विजय को भारी जनसमर्थन मिला। जनता अब उनसे विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर बड़े फैसलों की उम्मीद कर रही है।
विजय के सामने बड़ी चुनौतियां
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय के सामने सबसे बड़ी चुनौती चुनावी वादों को जमीन पर उतारने की होगी। रोजगार के अवसर बढ़ाना, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और राज्य में निवेश आकर्षित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
समर्थकों का कहना है कि विजय की संभावित सरकार तमिलनाडु में नई राजनीतिक संस्कृति और प्रशासनिक मॉडल की शुरुआत कर सकती है।
असम में भी शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
उधर असम में भी नई सरकार के गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। संभावित शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को आयोजित हो सकता है।
अगर हिमंता बिस्वा सरमा दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं तो यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। पार्टी संगठन और प्रशासनिक स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू होने की खबर है।