Advertisment
Advertisment
अपराधछत्तीसगढ़

भ्रष्टाचार पर एसीबी का बड़ा प्रहार: 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ दबोचा

NTN NEWS REPORT// सूरजपुर,22 अप्रैल 2026। जिला सूरजपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नामांतरण और प्रतिवेदन के एवज में मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहटा निवासी रूप सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके और उनकी बहन के नाम पर ग्राम सेंदोपारा, तहसील प्रतापपुर, जिला सूरजपुर स्थित भूमि को महामाया कोयला खदान जरही द्वारा अधिग्रहित किया गया है।

उक्त भूमि के नामांतरण और नौकरी संबंधी प्रक्रिया के लिए पटवारी द्वारा प्रतिवेदन तैयार किया जाना था। आरोप है कि प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौम्य गोस्वामी, ग्राम सेंदोपारा, तहसील प्रतापपुर, जिला सूरजपुर द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत सत्यापन के बाद रचा गया ट्रैप

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

योजना के तहत एसीबी की टीम ने आरोपी पटवारी सौम्य गोस्वामी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय कार्य के लिए रिश्वत की मांग होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!