विधायक व्यास के प्रयासों से जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य स्वीकृत
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। विधानसभा क्षेत्र के नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक व्यास कश्यप के सतत प्रयास रंग लाए हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों में मुख्य रूप से पहुंच मार्गों का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, डिवाइडर निर्माण तथा विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।विधायक कार्यालय जांजगीर से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा जांजगीर-चांपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुढेना से ग्राम भैंसमुड़ी तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार जिला पंचायत मोड़ से ग्राम पेण्ड्री (जांजगीर) तक पहुंच मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 3.98 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

जांजगीर नगर में बीटीआई चौक से खोखसा ओवरब्रिज तक सड़क पर डिवाइडर निर्माण एवं विद्युतीकरण कार्य के लिए 1.11 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं मुख्य मार्ग से बनारी तक 700 मीटर पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 15.25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
ग्राम बोडसरा से सिवनी तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 53.94 लाख रुपये तथा जांजगीर बायपास के पास लिंक रोड निर्माण के लिए 78 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा जांजगीर-केरा मार्ग के 600 मीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य हेतु 31.75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
बताया गया है कि उपरोक्त सभी कार्यों की स्वीकृति जिला खनिज संस्थान न्यास मद से दी गई है। लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण जर्जर एवं संकरे मार्गों के कारण आवागमन में परेशानी झेल रहे थे। विधायक व्यास कश्यप ने इन समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते हुए संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार एवं पहल की, जिसके परिणामस्वरूप इन विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।
स्थानीय नागरिकों ने इन स्वीकृतियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार लाएंगे।