
खेतों में छोड़ी जा रही गायों से फसल बर्बाद, किसानों ने थाना जांजगीर में सौंपा आवेदन
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 07 मार्च 2026। ग्राम पंचायत बनारी के किसानों ने खेतों में छोड़ी जा रही गायों से फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर थाना जांजगीर में लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग अपनी गायों को खुले में छोड़ दे रहे हैं, जिससे रबी सीजन में लगाई गई धान की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत बनारी के किसानों द्वारा ग्रीष्मकालीन (रबी) धान की फसल लगाई गई है। इसी बीच कुछ ग्रामीण अपने-अपने मवेशियों को खेतों में चरने के लिए छोड़ दे रहे हैं। इससे खड़ी फसल को गंभीर क्षति पहुंच रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि संबंधित लोगों को कई बार समझाइश दी गई, इसके बावजूद मवेशियों को खुले में छोड़ने की समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में मजबूर होकर समस्त किसानगण ने थाना प्रभारी से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर जांजगीर-चांपा को भी प्रेषित की गई है, ताकि मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
ग्राम पंचायत बनारी के सरपंच देवनारायण सिदार ने भी किसानों की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विवश होना पड़ेगा।
अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और किसानों को कब तक राहत मिलती है।
ग्रामीणों के द्वारा दिया गया आवेदन…

