
जमीन–शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.88 करोड़ की ठगी का खुलासा, फरार आरोपी साइबर टीम की सक्रियता से गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// जांजगीर–चाम्पा,07 जनवरी 2026। जांजगीर–चाम्पा जिले में जमीन खरीदी–बिक्री और शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला साइबर सेल की सतर्कता और त्वरित सूचना तंत्र के चलते संभव हो सकी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तरा कुमार साहू, पिता स्व. ईश्वर प्रसाद साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी बिलारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर–चाम्पा के रूप में हुई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी राजेश कुमार साहू, निवासी बिलारी वार्ड क्रमांक 12, थाना शिवरीनारायण द्वारा 14 नवंबर 2025 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में भूपेंद्र साहू, निवासी बिलारी ने यह कहकर प्रार्थी को विश्वास में लिया कि वह जमीन की खरीदी–बिक्री का कार्य कर रहा है तथा उसका बेटा हिरेंद्र शेयर मार्केट में निवेश करता है, जिससे अच्छा मुनाफा होता है। आरोपियों ने यह लालच दिया कि यदि पैसा लगाया गया तो 25 माह में ढाई गुना राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।
बार-बार दबाव और भरोसा दिलाने पर प्रार्थी ने 30 नवंबर 2023 से 25 अगस्त 2024 के बीच कुल 1 करोड़ 88 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। बाद में राशि वापस न मिलने पर यह स्पष्ट हुआ कि प्रार्थी के साथ छलपूर्वक धोखाधड़ी की गई है। इस पर थाना शिवरीनारायण में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पूर्व में हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा पूर्व में आरोपी भूपेंद्र कुमार साहू, हिरेंद्र कुमार साहू एवं सुरेन्द्र कुमार साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
इस प्रकरण में आरोपी उत्तरा कुमार साहू लंबे समय से फरार था। मुखबिर से सूचना मिलने पर साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक एवं प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके आधार पर उसे 07 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।