
एसडीएम कार्यालय में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: बाबू अनिल कुमार चेलक 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// रायगढ़, 2 जनवरी 2026। जिला रायगढ़ के धर्मजयगढ़ स्थित एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू द्वारा रिश्वत मांगे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर की कार्रवाई में आरोपी बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज कुमार यादव, निवासी ग्राम अमलीटिकरा, तहसील धर्मजयगढ़, जिला रायगढ़ ने एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ग्राम अमलीटिकरा में एक भूमि क्रय की थी, जिसकी विधिवत रजिस्ट्री एवं नामांतरण उसके नाम पर हो चुका था।
इसके पश्चात एसडीएम कार्यालय धर्मजयगढ़ में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक द्वारा शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाकर यह कहा गया कि उक्त भूमि की रजिस्ट्री गलत तरीके से हुई है, जिसके संबंध में शिकायत दर्ज है। मामले को नस्तीबद्ध करने के एवज में बाबू द्वारा 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्ता रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेने पर सहमति दी गई।
आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी बाबू अनिल कुमार चेलक को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई प्रशासनिक कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश मानी जा रही है।