
न्यू ईयर से पहले ड्रग्स सिंडिकेट पर करारा प्रहार “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एमडीएमए तस्करी का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// रायपुर। न्यू ईयर ईव के मद्देनजर राजधानी में होने वाली पार्टियों में मादक पदार्थों की सप्लाई को रोकने के लिए रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस कार्रवाई में एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए ईवेंट ऑर्गनाइजर व नागपुर के तस्कर सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
फ्लैट में चल रही थी ड्रग्स सप्लाई की तैयारी : दिनांक 23 दिसंबर 2025 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र अंतर्गत वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में कुछ लोग एमडीएमए ड्रग्स रखकर उसकी सप्लाई की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल संयुक्त टीम गठित कर चिन्हांकित फ्लैट में दबिश दी गई। रेड कार्रवाई के दौरान फ्लैट में 04 पुरुष एवं 01 युवती मौजूद मिले। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पराग बरछा उर्फ रघु, शुभम राजूधावड़े, अमन शर्मा, शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन के रूप में हुई, जबकि युवती विधि के साथ संघर्षरत बालिका पाई गई। तलाशी लेने पर सभी के कब्जे से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ।
नागपुर से रायपुर तक फैला नेटवर्क : कड़ाई से की गई पूछताछ में यह सामने आया कि नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े नागपुर से एमडीएमए ड्रग्स लाकर रायपुर में सप्लाई कर रहा था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में एमडीएमए ड्रग्स का मुख्य सप्लायर है, जो न्यू ईयर के मौके पर बड़े होटलों व पार्टियों में ड्रग्स खपाने की योजना बना रहा था। वरण अपार्टमेंट स्थित फ्लैट को ड्रग्स सप्लाई का अस्थायी ठिकाना बनाया गया था।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई : पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 04 मोबाइल फोन तथा 20,000 रुपये नगद जप्त किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25, धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी : ड्रग्स सिंडिकेट में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रकरण में एंड-टू-एंड जांच एवं कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी : पराग बरछा उर्फ रघु – रायपुर (मुख्य सप्लायर) शुभम राजूधावड़े – नागपुर, महाराष्ट्र (ड्रग्स तस्कर)
अमन शर्मा – रायपुर , शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन – रायपुर
विधि के साथ संघर्षरत 01 बालिका
रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल नशे के अवैध कारोबार पर सख्त संदेश है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि सार्वजनिक सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के प्रति पुलिस किसी भी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं है।