
कांकेर की घटना के विरोध में सर्व समाज का आह्वान नैला–जांजगीर में 24 दिसंबर को नगर बंद, शांतिपूर्ण रैली निकालकर सौंपा जाएगा ज्ञापन
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में 15 से 18 दिसंबर के बीच हुई घटनाओं को लेकर सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि उक्त घटनाएं जनजातीय समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी संवेदनशीलता से संबंधित हैं, जिन पर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर सर्व समाज छत्तीसगढ़ के आह्वान पर 24 दिसंबर 2025 (बुधवार) को नैला–जांजगीर नगर बंद का आयोजन किया गया है। आयोजकों के अनुसार यह बंद समाज की सांस्कृतिक अस्मिता और परंपराओं की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
रैली और कार्यक्रम की रूपरेखा : नगर बंद के अंतर्गत सुबह 9 बजे से एक पैदल रैली निकाली जाएगी, जो परशुराम चौक, नैला से प्रारंभ होकर कचहरी चौक पहुंचेगी। रैली के समापन पर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें घटनाक्रम को लेकर समाज की मांगों और आपत्तियों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम विवरण: दिनांक: 24 दिसंबर 2025 (बुधवार)
समय: सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
पैदल रैली प्रारंभ: परशुराम चौक, नैला
गंतव्य: कचहरी चौक (प्रशासन को ज्ञापन)
शांतिपूर्ण और संवैधानिक आयोजन का दावा : सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट किया है कि नगर बंद और रैली पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आयोजित की जाएगी। संगठन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन किसी के विरुद्ध नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा के संकल्प को व्यक्त करने का माध्यम है।