
जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतर जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, सोना-चांदी बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 07 दिसम्बर 2025।
थाना चांपा एवं साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चोरी के प्रकरण में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सोना-चांदी बरामद हुआ है, साथ ही खरीददार के पास से सोना गलाने के उपकरण भी जप्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी : 1. सत्य प्रकाश महंत, पिता गेंद दास महंत, उम्र 19 वर्ष निवासी – जैन मंदिर के पीछे, बुधवारी चौक, थाना कोतवाली कोरबा
2. अनिल काले, पिता अपासो काले, उम्र 44 वर्ष
निवासी – रामसागर पारा, थाना कोतवाली कोरबा
3. मोहन मिंज, पिता गोपाल मिंज, उम्र 24 वर्ष
निवासी – नेहरू नगर, कुआं भट्टा, बुधवारी बायपास रोड, चौकी मानिकपुर, थाना सिविल लाइन, जिला कोरबा
🔶 मामला कैसे खुला – घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी धनीराम देवांगन, निवासी आनंद विहार कॉलोनी सिवनी चांपा, ने थाना चांपा में दिनांक 08.11.2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भतीजे के दसगात्रा कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम से लौटकर रात करीब 10:30 बजे जब वे घर पहुंचे, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🔶 टीम ने ऐसे पकड़ा गिरोह
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, तथा SDOP चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। निर्देश के बाद चांपा थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान – घटनास्थल व आसपास के CCTV फुटेज की जांच, चोरी गए मोबाइल का साइबर विश्लेषण, तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोरबा में दबिश दी गई।
पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से सत्य प्रकाश महंत और मोहन मिंज को पकड़ा। पूछताछ में पहले तो दोनों ने गुमराह किया, लेकिन कड़ी पूछताछ पर इन्होंने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों ने चोरी किए आभूषण अनिल काले (सोनार) को देने की बात स्वीकार की।
सोनार अनिल काले को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी का सोना-चांदी गलाने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से— सोना गलाने के उपकरण, तथा गला हुआ सोना-चांदी
जप्त किया गया।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं गिरोह के तीन अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।