
मुकुंद मल्टीप्लेक्स परिसर में मारपीट करने वाली दोनों लड़कियां गिरफ्तार — वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कड़ी कार्रवाई
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 07 दिसम्बर 2025। चांपा के मुकुंद मल्टीप्लेक्स परिसर में मारपीट कर उत्पात मचाने वाली दोनों लड़कियों को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी दोनों लड़कियों को हिरासत में लिया।
मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल
मुकुंद मल्टीप्लेक्स में टिकट काउंटर के पास हुई मारपीट की घटना को वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। वीडियो तेजी से वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपियों को चिन्हित किया गया।
पीड़िता ने दी थी लिखित शिकायत
पीड़िता ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 05-12-2025 दोपहर करीब 3 बजे वह टिकट काउंटर के पास खड़ी थी, तभी दोनों लड़कियां वहां पहुंचीं और पुरानी बात को लेकर उससे गाली-गलौज करने लगीं। मना करने पर दोनों ने पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी।
थोड़ी देर बाद दोनों लड़कियों ने अपने जान-पहचान के लड़कों को भी मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर पीड़िता और उसकी बहन के साथ दुर्व्यवहार, अश्लील गाली-गलौज व मारपीट की। हल्ला होने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और वीडियो रिकॉर्ड किया।
लड़कियों के खिलाफ अपराध दर्ज — सहयोगियों को जेल भेजा गया – मारपीट की वीडियो रिकॉर्डिंग सामने आने पर चांपा पुलिस ने दोनों लड़कियों के विरुद्ध मारपीट का अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं, मारपीट में सहयोग करने वाले तीन लड़कों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
मारपीट में सहयोग करने वाले आरोपी लड़के
1. राहुल बरेठ, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम महुदा, चांपा
2. राहुल बरेठ, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम महुदा, चांपा
3. रामधन बरेठ, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम महुदा, चांपा
पुलिस टीम का विशेष योगदान – उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी चांपा एवं थाना के अधिकारियों कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।